पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 25 / 150
भजन संहिता 25
1दाऊद का भजन। हे यहोवा, मैं अपना मन तेरी ओर उठाता हू।
2हे मेरे परमेश्वर, मैं तुझ पर भरोसा रखता हूं: मुझे लज्जित न होने दे, मेरे शत्रु मुझ पर विजयी न होने पाए।
3निश्चय, जो तेरी प्रतीक्षा करते हैं, उनमें से कोई भी लज्जित न होगा। पर वे जो अकारण ही विश्वासघात करते हैं, लज्जित होंगे।
4हे यहोवा, अपने मार्ग मुझे दिखा, और अपने पथ मुझे सिखा दे।
5अपने सत्य-पथ पर मुझे चला, और शिक्षा दे, क्योंकि तू मेरा उद्धारकर्ता परमेश्वर है, मैं दिन भर तेरी प्रतीक्षा करता रहता हू।
6हे यहोवा, अपनी दया और अपने करुणामय कार्यों को स्मरण कर क्योंकि ये तो अनन्तकाल से है।
7हे यहोवा, अपनी भलाई के कारण मेरी जवानी के पापों और मेरे अपराधों को स्मरण न करः अपनी करुणा के अनुसार तू मुझे स्मरण कर।
8यहोवा भला और खरा है, इसलिए वह पापियों को अपने मार्ग की शिक्षा देता है।
9न्याय के मार्ग में वह दीन लोगों की अगुवाई करता है, और नम्र लोगों को वह अपने मार्ग की शिक्षा देता है।
10जो यहोवा की वाचा और उसके नियमों का पालन करते हैं, उनके लिए उसके सब मार्ग करुणा और सच्चाई के है।
11हे यहोवा, अपने नाम के निमित्त मेरा अधर्म, जो बड़ा है, क्षमा कर।
12वह कौन है जो यहोवा का भय मानता है? उसे यहोवा उस मार्ग की शिक्षा देगा जो उसे चुनना चाहिए।
13उसका प्राण कुशल से रहेगा, और उसके वंशज पृथ्वी के उत्तराधिकारी होंगे।
14यहोवा का भेद वे ही जानते हैं जो उसका भय मानते हैं- उन्हीं पर वह अपनी वाचा प्रकट करेगा।
15मेरी आंखें निरन्तर यहोवा की ओर लगी रहती हैं, क्योंकि वही मेरे पैरों को जाल में से छुड़ाएगा।
16हे यहोवा, मेरी ओर फिर और मुझ पर अनुग्रह कर, क्योंकि मैं अकेला और पीड़ित हू।
17मेरे हृदय का क्लेश बढ़ गया है, मेरे दुखों से तू मुझे छुड़ा ले।
18मेरे दुख व संकट पर दृष्टि कर और मेरे सब पापों को क्षमा कर।
19मेरे शत्रुओं को देख, क्योंकि वे बहुत हैं और मुझसे अत्यन्त घृणा करते है।
20मेरे प्राण की रक्षा करके मुझे छुड़ा ले; मैं लज्जित न होने पाऊं, क्योंकि मैं तेरी शरण लेता हू।
21खरी चाल और धार्मिकता मुझे सुरक्षित रखे, क्योंकि मुझे तेरी ही आस है।
22हे परमेश्वर, इस्राएल को उसके सब संकटों से छुड़ा ले।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)