Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 26 / 150

भजन संहिता 26

1दाऊद का भजन। हे यहोवा, मुझे निर्दोष ठहरा, क्योंकि मैं खराई से चलता आया हूं, और मैंने यहोवा पर अटल भरोसा रखा है।

2हे यहोवा, मुझे जांच और परख, मेरे मन और मेरे हृदय को कसौटी पर कस।

3क्योंकि तेरी करुणा तो मेरी आंखों के सामने है, और मैं तेरे सत्य मार्ग पर चलता आया हू।

4मैं धूर्तों के साथ नहीं बैठता, न कपटियों के साथ कहीं जाता,

5मैं कुकर्मियों की बैठक से घृणा करता, और दुष्टों के साथ नहीं बैठता हू।

6मैं निर्दोषता में अपने हाथों को धोकर ही, हे यहोवा, तेरी वेदी की प्रदक्षिणा करता हूं,

7कि धन्यवाद के स्वर से प्रचार करूं और तेरे सब आश्चर्यकर्मों का वर्णन करू।

8हे यहोवा, मैं तेरे निवासस्थान से- उस स्थान से जहां तेरी महिमा वास करती है-प्रीति रखता हू।

9मेरे प्राण को पापियों के साथ, और मेरे जीवन को हत्यारों के साथ नष्ट न कर।

10उनके हाथ तो दुष्टता की योजनाओं से, और उनके दाहिने हाथ घूस से भरे रहते है।

11परन्तु मैं तो अपनी खराई की ही चाल चलता रहूँगाः मुझे छुड़ा ले और मुझ पर अनुग्रह कर।

12मेरा पैर समतल भूमि पर स्थिर है; मैं सभाओं में यहोवा को धन्य कहा करूंगा।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)