Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 4 / 150

भजन संहिता 4

1हे मेरे धर्ममय परमेश्वर, जब मैं तुझे पुकारूं तब तू मुझे उत्तर दे। तूने मेरे संकट में से मुझे छुड़ाया है। मुझ पर अनुग्रह करके मेरी प्रार्थना सुन।

2हे मानव-पुत्रे, कब तक मेरे आदर का अनादर होता रहेगा? कब तक तुम व्यर्थ बातों से प्रीति रखोगे और छल को अपना लक्ष्य बनाओगे? सेला।

3परन्तु यह जान लो कि यहोवा ने भक्त को अपने लिए अलग कर रखा है। जब मैं यहोवा को पुकारता हूं तब वह मेरी सुनता है।

4क्रोध तो करो, पर पाप मत करो। अपने बिछौनों पर पड़े हुए मनन करो और शान्त रहो। सेला।

5धार्मिकता के बलिदान चढ़ाओ। और यहोवा पर भरोसा रखो।

6अनेक लोग कहते हैं, “कौन हमें भलाई दिखाएगा?” हे यहोवा, तू अपने मुख का प्रकाश हम पर चमका।

7तूने मेरे हृदय को आनन्द से भर दिया है, हां, उस आनन्द से भी अधिक जो उन्हें अन्न और दाखमधु की बढ़ती से होता है।

8मैं शान्तिपूर्वक लेट जाऊंगा और सो जाऊंगा, क्योंकि हे यहोवा, तू ही मुझे सुरक्षित रखता है।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)