Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 50 / 150

भजन संहिता 50

1आसाफ का भजन। उस पराक्रमी, परमेश्वर यहोवा ने, कहा है और उदयाचल से लेकर अस्ताचल तक पृथ्वी के लोगों को बुलाया है।

2सिय्योन से, जो परम सुन्दर है, परमेश्वर ने अपना तेज दिखाया है।

3हमारा परमेश्वर आएगा और चुप न रहेगा, अग्नि उसके आगे-आगे भस्म करती जाएगी, भयंकर आंधी उसके चारों ओर चलेगी।

4वह अपनी प्रजा का न्याय करने के लिए ऊपर के आकाश को और पृथ्वी को बुलाता हैः

5“मेरे भक्तों को मेरे पास इकट्ठा करो, जिन्होंने बलिदान चढ़ाकर मेरे साथ वाचा बांधी है।”

6आकाश उसकी धार्मिकता को घोषित करता है, क्योंकि परमेश्वर तो आप ही न्यायी है। सेला।

7“हे मेरी प्रजा, सुन, मैं बोलता हूं; हे इस्राएल, मैं तेरे विरुद्ध साक्षी देता हूं: परमेश्वर, तेरा परमेश्वर, मैं ही हू।

8मैं तेरी बलियों के लिए तुझे नहीं फटकारता- तेरी होमबलियां तो निरन्तर मेरे सम्मुख रहती है।

9मैं न तो तेरे घर से बछड़ा न तेरी पशु-शालाओं से बकरे लूंगा।

10क्योंकि जंगल का एक-एक जानवर और हजारों पहाड़ों के पशु तो मेरे ही है।

11मैं पर्वतों के सब पक्षियों को जानता हूं, और मैदान में चलने-फिरने वाले प्राणी मेरे ही है।

12यदि मैं भूखा होता तो तुझसे न कहता, क्योंकि जगत और जो कुछ उसमें है वह मेरा ही है।

13क्या मैं सांड़ों का मांस खाऊं? क्या बकरों का लहू पीऊं?

14परमेश्वर को धन्यवाद का ही बलिदान चढ़ा, और परमप्रधान के लिए अपनी मन्नतें पूरी कर।

15और संकट के दिन मुझे पुकारः मैं तुझे छुडाऊंगा, और तू मेरी महिमा करेगा।”

16परन्तु दुष्ट से परमेश्वर कहता हैः “मेरी विधियों का वर्णन करने का और मेरी वाचा को मुंह में लाने का तुझे क्या अधिकार है?

17तू तो शिक्षा से घृणा करता, और मेरे वचनों को पीठ-पीछे फेंक देता है।

18चोर को देख कर तू उससे प्रसन्न होता है, और परस्त्रीगामियों के साथ साझीदार होता है।

19बुराई करने के लिए तेरा मुंह खूब चलता है, और तेरी जीभ छल की बातें गढ़ती है।

20तू बैठा-बैठा अपने भाई के विरुद्ध बोलता, और अपनी ही मां के पुत्र की निन्दा करता है।

21तूने ये काम किए, और मैं चुप रहा; इसलिए तूने समझा कि मैं तेरे ही समान हूं: मैं तुझे फटकारूंगा और तेरी आंखों के सामने सब कुछ क्रमवार बताऊंगा।

22“हे परमेश्वर को भूलने वालो, यह बात समझ लो, कहीं ऐसा न हो कि मैं तुम्हें फाड़ कर टुकड़े-टुकड़े करूं, और कोई छुड़ाने वाला न हो।

23जो धन्यवाद का बलिदान चढ़ाता है वह मेरी महिमा करता है, ओैर जो अपना मार्ग सीधा बनाए रखता है, उसको मैं परमेश्वर का उद्धार दिखाऊंगा।”

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)