पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 92 / 150
भजन संहिता 92
1यहोवा का धन्यवाद करना भला है, और यह भी, कि हे परमप्रधान, तेरे नाम की स्तुति के गीत गाए जाएं,
2कि प्रातःकाल तेरी करुणा की और रात्रि को तेरी सच्चाई की चर्चा
3दस तार वाले बाजे, सारंगी, और वीणा पर ऊंचे स्वर से की जाए।
4क्योंकि, हे यहोवा, तूने अपने कार्यों से मुझे आनन्दित किया हैः मैं तेरे हाथों के कार्यों के कारण आनन्द से तेरा भजन गाऊंगा।
5हे यहोवा, तेरे कार्य कैसे महान् है। तेरे विचार बहुत गंभीर है।
6पशु समान मनुष्य इसका ज्ञान नहीं रखता, और न मूर्ख मनुष्य इसे समझता हैः
7कि दुष्ट जब घास के समान पनपते हैं, और जब अधर्मी फलते-फूलते हैं, तो यह केवल इसलिए होता है कि वे सर्वदा के लिए नष्ट किए जाए।
8परन्तु हे यहोवा, तू सदा-सर्वदा परमप्रधान है।
9क्योंकि हे यहोवा, तेरे शत्रु, हां, तेरे शत्रु नष्ट होंगे; सब अधर्मी तितर-बितर किए जाएंगे।
10परन्तु तूने मेरे सींग को जंगली सांड़ के सींग के समान ऊंचा किया है; मेरा अभिषेक ताजे तेल से किया गया है।
11मेरी आंख ने मेरे शत्रुओं को विजय-दृष्टि से देखा, मेरे कान उन कुकर्मियों का हाल सुनते हैं जो मेरे विरुद्ध उठते है।
12धर्मी जन खजूर के पेड़ के समान फूले-फलेंगे। और लबानोन के देवदार के समान बढ़ेंगे।
13वे यहोवा के भवन में रोपे जाकर, हां, हमारे परमेश्वर के आंगनों में फूले-फलेंगे।
14वे पुराने होने पर भी फलते रहेंगे, रस भरे होंगे और लहलहाते रहेंगे,
15कि यह प्रकट करें कि यहोवा सच्चा है; वह मेरी चट्टान है, और उसमें कुछ भी कुटिलता नही।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)