Loading account

पुराना नियम · जकर्याह · अध्याय 9 / 14

जकर्याह 9

1हद्राक देश और दमिश्क के विरुद्ध यहोवा की वाणी-क्योंकि सब मनुष्यों की आंखें, विशेषतः इस्राएल के सब कुलों की आंखें यहोवा की ओर लगी हैं-

2और हमात के विरुद्ध भी, जो दमिश्क की सीमा से लगा हुआ है; सूर और सैदा के विरुद्ध भी, यघपि वे अति बुद्धिमान है।

3सूर ने तो अपने लिए किला बनाया, तथा धूलि के समान, चांदी, और गली-कूचों की कीच के समान सोने के ढेर लगाए है।

4देखो, प्रभु उससे ये सब छीन लेगा, और उसके धन को समुद्र में फेंक देगा, तथा वह नगरी आग में भस्म कर दी जाएगी।

5अश्कलोन यह देखकर भयभीत होगा, गाजा भी अति पीड़ा से छटपटाएगा, एक्रोन भी क्योंकि उसकी आशा टूट गई है, और गाजा में से राजा का नाश हो जाएगा, तथा अश्कलोन वीरान हो जाएगा।

6अश्दोद में विजातीय वास करेंगे, तथा मैं पलिश्तियों के घमंड को चूर कर दूंगा।

7मैं उनके मुख से लहू का दाग मिटा दूंगा, तथा उनकी घृणित वस्तुओं को उनके दातों के बीच से निकाल दूंगा तब वे भी हमारे परमेश्वर के लिए बचे हुए लोग ठहरेंगे तथा यहूदा के एक घराने के समान हो जाएंगे, और एक्रोन के लोग यबूसियों के समान होंगे।

8परन्तु मैं अपने भवन के चारों ओर उस सेना के कारण छावनी किए रहूंगा जो वहां से होकर आती-जाती है। तब कोई अत्याचारी फिर कभी उन पर आक्रमण नहीं करेगा क्योंकि अब मैंने स्वयं अपनी आंखों से देख लिया है।

9हे सिय्योन की पुत्री, अति आनन्दित हो, हे यरूशलेम की पुत्री जय-जयकार कर! देख, तेरा राजा तेरे पास आता है, वह धार्मिकता और उद्धार से सम्पन्न है, वह नम्र है और गदहे पर अर्थात् गदही के बच्चे, वरन् लद्दू के बच्चे पर बैठा है।

10मैं एप्रैम के रथ और यरूशलेम के घोड़े नष्ट करूंगा, और युद्ध के धनुष तोड़ डाले जाएंगे। वह जाति-जाति के लोगों से शान्ति की बातें कहेगा, उसका राज्य समुद्र से समुद्र तक, तथा महानद से लेकर पृथ्वी के छोर तक होगा।

11तेरे विषय में यह कि तेरे साथ अपनी वाचा के लहू के कारण मैंने तेरे बन्दियों को सूखे गड्ढे में से स्वतंत्र किया है।

12हे आशा रखने वाले बन्दियों, गढ़ में लौट आओ, मैं आज ही घोषित करता हूं कि मैं तुम्हें बदले में दो गुणा लौटा दूंगा।

13क्योंकि मैं यहूदा को अपने लिए धनुष के समान झुकाऊंगा, और एप्रैम को तीर के समान धनुष पर चढ़ाऊंगा। हे सिय्योन, मैं तेरे पुत्रों को यूनान के पुत्रों के विरुद्ध उभारूंगा, और तुझको वीर की तलवार-सा कर दूंगा।

14तब यहोवा उनके ऊपर प्रकट होगा, उसका तीर बिजली-सा छूटेगा, और प्रभु यहोवा नरसिंगा फूंककर, दक्षिणी बवंडर में होकर प्रस्थान करेगा।

15सेनाओं का यहोवा उनकी रक्षा करेगा। वे उनको निगल जाएंगे, तथा गोफन के पत्थरों को रौदेंगे। वे पीकर ऐसे उग्र हो जाएंगे जैसे लोग मदिरा से होते है। वे बलि-लहू के पात्र, तथा वेदी के कोनों के समान लहू से भर जाएंगे।

16उस दिन उनका परमेश्वर यहोवा उनको अपनी प्रजा रूपी भेड़-बकरियां जानकर बचाएगा, क्योंकि वे उसके देश में मुकुट-मणियों के समान चमकते रहते है।

17अहा! उसकी कैसी सुन्दरता, और कैसी शोभा होगी। भोजन से युवक तथा दाखरस से युवतियां हृष्ट-पुष्ट हो जाएंगी।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)