पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 110 / 150
भजन संहिता 110
1दाऊद का भजन। यहोवा ने मेरे प्रभु से कहा, “मेरे दाहिने बैठ, जब तक कि मैं तेरे शत्रुओं को तेरे चरणों की चौकी न बना दूँ।”
2यहोवा तेरे सामर्थी राजदण्ड को सिय्योन से यह कह कर बढ़ाएगा, “अपने शत्रुओं के मध्य शासन कर।”
3तेरे पराक्रम के दिन तेरी प्रजा के लोग स्वेच्छाबलि बनेंगे; तेरे जवान पवित्रता से सुशोभित भोर के गर्भ से जन्मी ओस के समान तेरे पास है।
4यहोवा ने शपथ खाई है और वह उससे न बदलेगा; “तू मलिकिसिदक की रीति पर युगानुयुग याजक है।”
5यहोवा तेरे दाहिने हाथ है; वह अपने कोप के दिन राजाओं को चूर-चूर कर देगा।
6वह जाति-जाति में न्याय चुकाएगा, वह लाशों के ढेर लगा देगा, वह विस्तृत देश के प्रधानों को चूर-चूर कर देगा।
7वह मार्ग के किनारे के सोते से जल पीएगा; इस कारण वह अपना सिर ऊंचा करेगा।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)