Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 29 / 150

भजन संहिता 29

1दाऊद का भजन। हे स्वर्गदूतो, यहोवा की प्रशंसा करो, हां, यहोवा ही की महिमा और सामर्थ्य को सराहो।

2यहोवा की ऐसी महिमा करो जो उसके नाम के योग्य हो, पवित्रता से शोभायमान होकर यहोवा को दण्डवत् करो।

3यहोवा की वाणी मेघों के ऊपर सुनाई देती है, महिमामय परमेश्वर गरजता है। यहोवा घने मेघों के ऊपर रहता है।

4यहोवा की वाणी शक्तिशाली है, यहोवा की वाणी प्रतापमय है।

5यहोवा की वाणी देवदारों को तोड़ डालती है- हां, यहोवा लेबनोन के देवदारों को टुकड़े-टुकड़े कर डालता है।

6वह लेबनोन को बछड़े के समान, शिर्योन को जवान जंगली बछड़े के समान उछालता है।

7यहोवा की वाणी आग की लपटों को चीरती है।

8यहोवा की वाणी वन को हिला देती है, यहोवा कादेश के वन को कंपा देता है।

9यहोवा की वाणी से हरिणियों का गर्भपात हो जाता है, और वन उजड़ जाते हैं; और उसके मंदिर में सब, महिमा ही महिमा पुकारते रहते है।

10जलप्रलय के समय यहोवा विराजमान था, हां, यहोवा युग-युग का राजा होकर विराजमान है।

11यहोवा अपनी प्रजा को बल देगा, यहोवा अपने लोगों को शान्ति की आशीष देगा।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)