Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 40 / 150

भजन संहिता 40

1मैं धैर्य से यहोवा की प्रतीक्षा करता रहा, और उसने मेरी ओर झुक कर मेरी दुहाई सुनी।

2उसने मुझे विनाश के गड्हे में से, दलदल के कीचड़ में से निकाला, और उसने मेरे पैरों को चट्टान पर स्थिर करके मेरे कदमों को दृढ़ किया,

3उसने मेरे मुँह में एक नया गीत, हमारे परमेश्वर की स्तुति का गीत डाला। बहुत से लोग देखेंगे और भयभीत होंगे, और यहोवा पर भरोसा रखेंगे।

4क्या ही धन्य है वह जो यहोवा पर भरोसा रखता है, जो अभिमानियों और मिथ्या में लीन रहने वालों की ओर नहीं मुड़ता।

5हे यहोवा मेरे परमेश्वर, जो आश्चर्यकर्म और जो विचार तूने हमारे लिए किए हैं, वे तो बहुत हैं: तेरे तुल्य कोई नही। यदि मैं खोल कर उनकी चर्चा करूँ तो वे इतने हैं कि उनकी गिनती नहीं हो सकती।

6मेलबलि और अन्नबलि तूने न चाही, तूने मेरे कान खोदकर खोले हैं; होमबलि और पापबलि की मांग तूने नहीं की।

7तब मैंने कहा, “देख, मैं आया हूं- पुस्तक में मेरे विषय में यही लिखा है।

8हे मेरे परमेश्वर, मैं तरी इच्छा पूरी करने से प्रसन्न होता हूं; तेरी व्यवस्था मेरे हृदय में बसी है।”

9मैंने विशाल सभा में धार्मिकता का शुभ-संदेश सुनाया, हे यहोवा, तू तो जानता है कि मैं अपने होठों को बन्द नहीं रखता।

10मैंने तेरी धार्मिकता को अपने हृदय में गुप्त नहीं रखा, मैंने तेरी सच्चाई और तेरे उद्धार की चर्चा की है; मैंने तेरी करुणा और तेरी सत्यता को विशाल सभा से छिपाए नहीं रखा।

11हे यहोवा, तू मुझ पर तरस खाने से न रुक, तेरी करुणा और तेरी सत्यता से निरन्तर मेरी रक्षा होती रहे।

12क्योंकि अनगिनत बुराइयों ने मुझे घेर लिया है; मेरे अधर्मों ने मुझे ऐसा जकड़ लिया है कि मैं देख नहीं सकता। वे गिनती में मेरे सिर के बालों से भी कहीं बढ़कर हैं, इसलिए मेरा हृदय टूट गया है।

13हे यहोवा, कृपा करके मुझे छुड़ा ले; हे यहोवा, मेरी सहायता के लिए फुर्ती कर।

14जो मेरे जीवन को नष्ट करने की खोज में रहते हैं, वे सब लज्जित हों और उनके मुँह काले हों, और जो मेरी हानि से प्रसन्न होते हैं, वे पीछे हटाए और अपमानित किए जाए।

15जो मुझसे, “अहा, अहा!” कहते हैं, वे अपनी लज्जा के कारण विस्मित हो।

16जितने तुझे ढूंढते हैं वे सब तुझमें आनन्दित और मग्न हों; जितने तेरे उद्धार को प्रिय जानते हैं, वे सब निरन्तर कहें, “यहोवा की बड़ाई हो!”

17मैं तो दीन और दरिद्र हूं, प्रभु का ध्यान मुझ पर लगा रहे; तू ही मेरा सहायक और मेरा छुड़ाने वाला है, हे मेरे परमेश्वर, विलम्ब न कर।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)